कोलकाता (NNI Live) :- पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के भ्रष्टाचारियों की शिकायत के लिए भारतीय जनता पार्टी ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर की शुरुआत की है। यह नंबर है 7044070440.
बताया गया है कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने सरकारी योजनाओं और केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली वित्तीय मदद में व्यापक भ्रष्टाचार किया है। इसलिए इस हेल्पलाइन नंबर की शुरुआत की गई है। राज्य का कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर फोन कर किसी भी तरह की शिकायत दर्ज करा सकता है। भाजपा सभी शिकायतों को एकत्रित कर केंद्र सरकार को भेजेगी ताकि लोगों को सीधे मदद मिल सके। माना जा रहा है कि 2021 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की यह रणनीति काफी महत्वपूर्ण है। इससे सत्तारूढ़ पार्टी पर न केवल दबाव बढ़ेगा बल्कि भाजपा को भी तृणमूल के खिलाफ आरोपों को एकत्रित करने में मदद मिलेगी। प्रदेश भाजपा के सूत्रों ने बताया कि कुछ दिनों पहले दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेश भाजपा नेताओं की बैठक हुई थी। उसी में टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर शुरू करने के बारे में निर्णय लिया गया था।
Recent Comments